बेंगलुरु पुलिस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान के मामले में जीरो FIR दर्ज की है. यह अनुष्ठान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की राजनीतिक रैली के कुछ दिन बाद आयोजित किए जाने का आरोप है. मामला अब आगे की कार्रवाई के लिए हल्द्वानी पुलिस को भेजा जाएगा.
घटना 11 अगस्त की बताई गई है. इससे पहले 8 अगस्त को इसी मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे ने राजनीतिक रैली को संबोधित किया था. आरोप है कि रैली के बाद एक संगठन ने मैदान में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ कराया. कांग्रेस और खरगे इस मामले में हल्द्वानी पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे, लेकिन वहां अब तक मामला दर्ज नहीं हुआ था.
बेंगलुरु में दर्ज हुई शिकायत
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के SC/ST विंग के पूर्व सदस्य टी. रामप्पा ने इस सप्ताह की शुरुआत में बेंगलुरु के विधान सौधा पुलिस थाने में शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम से समुदाय का अपमान हुआ.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, FIR दर्ज करने से पहले कानूनी राय ली गई थी. राय मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की. जीरो FIR का मतलब है कि मामला किसी भी पुलिस थाने में दर्ज किया जा सकता है, भले ही घटना उस थाने के अधिकार क्षेत्र में न हुई हो. इसके बाद जांच और आगे की कार्रवाई के लिए इसे संबंधित थाना क्षेत्र को भेजा जाता है.
किन धाराओं में मामला दर्ज
विधान सौधा पुलिस ने यह मामला अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(u), भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम की धारा 7 के तहत दर्ज किया है.
धारा 3(1)(u) अनुसूचित जाति या जनजाति के सदस्यों के खिलाफ दुश्मनी, घृणा या दुर्भावना की भावना को बढ़ावा देने या ऐसा करने के प्रयास से संबंधित है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 अलग-अलग धार्मिक, नस्ली, भाषाई, क्षेत्रीय समूहों, जातियों या समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने से जुड़ी है.
FIR में फिलहाल अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस के अनुसार, मामला हल्द्वानी पुलिस को हस्तांतरित होने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की जांच की जाएगी.
