हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद में पुलिस ने पहली FIR दर्ज की है. मामला अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है. शिकायत में सोशल मीडिया पर एडिटेड वीडियो प्रसारित कर एक खास धर्म और जाति को निशाना बनाने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(r) लगाई है. मामले की जांच SP क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है. SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे उन्हें नामजद किया जाएगा.
शिकायत में एडिटेड वीडियो और भ्रामक ऑडियो का आरोप
अधिवक्ता अंजू का कहना है कि उन्होंने किसी व्यक्ति, जाति या धर्म के खिलाफ अपमानजनक सामग्री की शिकायत नहीं की, बल्कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित एडिटेड वीडियो को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. उनके मुताबिक, वीडियो में ‘अल्लाह हू अकबर’ जैसे शब्द जोड़कर उन्हें प्रसारित किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और लोगों के बीच मतभेद पैदा होने की स्थिति बनी.
अंजू ने कहा कि ऐसे वीडियो सबसे पहले प्रसारित करने वालों की पहचान की जानी चाहिए. उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पर मौजूद संबंधित सामग्री को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखने की मांग भी की है. हालांकि, वीडियो की वास्तविकता, उसमें कथित बदलाव और उसे प्रसारित करने वालों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया सामग्री में एक खास धर्म और जातिगत पहचान वाले व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश दिखाई दी. उन्होंने शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की है. उनका कहना है कि किसी व्यक्ति को शुद्धिकरण के नाम पर अपमानित नहीं किया जा सकता और रामलीला मैदान एक सार्वजनिक सामाजिक स्थल है.
15 अगस्त की तहरीर पर 7 सितंबर को FIR
अंजू के अनुसार, उन्होंने इस मामले में 15 अगस्त को तहरीर दी थी. पुलिस ने 7 सितंबर को करीब दोपहर 1:30 बजे FIR दर्ज की. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
यह FIR ऐसे समय दर्ज हुई है, जब रामलीला मैदान में हुए कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. FIR में फिलहाल किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है. इसलिए आरोपों की पुष्टि और जिम्मेदार लोगों की पहचान जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी.
8 अगस्त की सभा के बाद शुरू हुआ विवाद
मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में ‘विजय शंखनाद रैली’ को संबोधित किया था. इसके अगले दिन हिंदू संगठनों ने मैदान में हवन और कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ कराया. कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव और खड़गे के अपमान से जोड़ा, जबकि भाजपा ने शुद्धिकरण को जाति से जोड़ने पर आपत्ति जताई.
13 अगस्त को खड़गे ने राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए इसे छुआछूत से जोड़ा और कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद कांग्रेस ने हल्द्वानी में सत्याग्रह मार्च निकाला और राज्यपाल से भी निष्पक्ष जांच की मांग की.
विवाद के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ भी हल्द्वानी में FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ शिकायत के आधार पर कर्नाटक में जीरो FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई. 7 सितंबर को नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने विवाद से जुड़े दो जीरो FIR का उल्लेख किया था. सरकार ने CCTV फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का भरोसा दिया, जिसके बाद याचिका निस्तारित कर दी गई.
