दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाला हलगोया-हरिद्वार छह लेन एक्सेस-कंट्रोल हाईवे नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में यातायात के लिए खोले जाने की तैयारी है. करीब 51 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है और कुछ हिस्सों में सुरक्षा मानकों तथा फिनिशिंग का काम चल रहा है.

यह संपर्क मार्ग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में हलगोया के पास से शुरू होकर हरिद्वार क्षेत्र तक पहुंचेगा. परियोजना का करीब 19 किलोमीटर हिस्सा सहारनपुर जिले में है. अधिकारियों के अनुसार, सहारनपुर के नागल और उत्तराखंड के सलियर क्षेत्र से वाहनों के चढ़ने-उतरने की व्यवस्था होगी.

मार्ग के तैयार होने से दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और सहारनपुर से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को रुड़की और बहादराबाद के मौजूदा मार्गों का वैकल्पिक, तेज रास्ता मिल सकेगा. इससे इन इलाकों में यातायात दबाव और जाम कम होने की उम्मीद है. हाईवे की अनुमानित लागत करीब 1,500 करोड़ रुपये बताई गई है.