हापुड़ के बदनौली में दलित युवक दीपक की हत्या के बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है. पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद को पुलिस ने कुराना टोल प्लाजा पर रोक दिया. दोनों नेताओं के साथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे.

बुलंदशहर रोड स्थित टोल प्लाजा पर पुलिस ने नेताओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी. पुलिस ने हापुड़ में लागू धारा 144 का हवाला दिया. इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को वापस लौटना पड़ा. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ समय तक बहस और गहमागहमी की स्थिति रही. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था.

कुराना टोल प्लाजा हाफिजपुर थाना क्षेत्र में आता है. रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस नेता और अभिनेता राज बब्बर के भी वहां पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई थी, हालांकि वह मौके पर नहीं पहुंच सके.

पुलिस द्वारा रोके जाने पर राजेंद्र पाल गौतम ने सवाल उठाया कि कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से क्यों रोका जा रहा है. उन्होंने कहा कि नेता शांतिपूर्वक परिवार से मिलना चाहते थे.

कांग्रेस ने रखीं ये मांगें

कांग्रेस नेता ने सरकार से दीपक के परिवार को न्याय और सुरक्षा देने की मांग की. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग रखी. इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई.

दीपक हत्याकांड के बाद हापुड़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे पीड़ित परिवार से मिलकर उसका पक्ष जानना चाहते थे, लेकिन पुलिस की रोक के कारण ऐसा नहीं हो सका.