केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि देश में ईंधन की वास्तविक कमी नहीं है और भारत के 1.07 लाख खुदरा पेट्रोल पंपों में कहीं भी पूरी तरह ‘ड्राई आउट’ की स्थिति नहीं बनी.
पुरी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर अफवाहों और घबराहट में की जा रही अतिरिक्त बुकिंग से कुछ इलाकों में दबाव और कतारें दिखाई दे सकती हैं, लेकिन इसे उत्पादन या आपूर्ति तंत्र की विफलता नहीं माना जाना चाहिए.
सरकार ने संसद में बताया है कि घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से डिलीवरी तक सामान्य समय करीब 2.5 दिन है. मांग को नियंत्रित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में दो बुकिंग के बीच 25 दिन और ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर तय किया गया है.
वाणिज्यिक एलपीजी के मामले में सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए आवंटन व्यवस्था लागू की है. सरकार ने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर भरोसा न करने और अनावश्यक घबराहट में बुकिंग न कराने की अपील की है.
