उत्तराखंड के हरिद्वार में अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई. काले बादलों और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच शुरू हुई बारिश कुछ देर बाद तेज हो गई. हरिद्वार शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी काफी देर तक बड़े ओले गिरते रहे.

ओलावृष्टि से कई गाड़ियों के शीशे टूटने और सोलर पैनलों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. उधमसिंह नगर में भी ओले गिरने की सूचना है. बारिश और ओलों के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे इलाकों में ठंडक बढ़ गई.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले हवाई सर्वेक्षण के जरिए नुकसान का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से मुलाकात की और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का तत्काल विस्तृत सर्वे कराने, आकलन पूरा करने और तय समय में किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए.

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में भी शुक्रवार सुबह मौसम अचानक बिगड़ गया. कई इलाकों में दिन के समय अंधेरा छा गया और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. बढ़ापुर स्थित एक हायर सेकेंडरी स्कूल पर आकाशीय बिजली गिरने से निर्माणाधीन इमारत की दीवारें ढह गईं. कंप्यूटर रूम की छत का प्लास्टर झड़ने से फर्नीचर और कुछ कंप्यूटर भी क्षतिग्रस्त हुए.