हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए प्रस्तावित ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना को उत्तराखंड की स्टेट कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. 27 नवंबर को मंजूर की गई इस योजना पर करीब ₹3,028 करोड़ खर्च होने का अनुमान है. परियोजना के तहत सड़क के ऊपर बने एलिवेटेड ट्रैक पर ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां चलाई जाएंगी.

पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम के तहत तीन कॉरिडोर का नेटवर्क तैयार किया जाएगा. इनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और 21 स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है. परियोजना का उद्देश्य हर की पौड़ी, मनसा देवी और दक्ष मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच यात्रियों को सुगम परिवहन उपलब्ध कराना है.

तीन प्रस्तावित कॉरिडोर

सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक होगा. इसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर और इसमें 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं. दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का होगा, जिस पर चार स्टेशन बनाए जाएंगे. तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक प्रस्तावित है. इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इसमें दो स्टेशन होंगे.

पॉड टैक्सियां बैटरी से संचालित होंगी और इनमें चार से छह यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी. इनकी अनुमानित औसत रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की बात कही गई है.

स्थानीय स्तर पर विरोध के बाद परियोजना के रूट अलाइनमेंट में बदलाव किया गया है. निर्माण के लिए 6.9555 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है. सीतापुर में प्रस्तावित डिपो के पास दो हेक्टेयर जमीन का पांच साल तक अस्थायी उपयोग निर्माण सामग्री और मशीनरी रखने के लिए किया जाएगा. उपलब्ध जानकारी में परियोजना शुरू होने की तारीख नहीं बताई गई है.