उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने अंकिता भंडारी मामले से चर्चा में आईं उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर की गई. शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां करने, परिवार की छवि खराब करने, 5 करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उर्मिला ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और इसके बदले 5 करोड़ रुपये देने की मांग की. शिकायत के आधार पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 387/26 दर्ज किया गया.

सहारनपुर से हिरासत और मोबाइल बरामद

हरिद्वार पुलिस ने बताया कि केस दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित गोविंदनगर में कार्रवाई की. पुलिस ने उर्मिला सनावर को वहां से हिरासत में लिया और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है. उन्हें संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(5), 308(7), 79, 356(3) और 356(2) के साथ स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 लगाई गई है. हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने कहा कि कार्रवाई शिकायत के आधार पर हुई है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे.

पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं. इनमें हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के थानों में दर्ज मामले शामिल हैं. इन मामलों में BNS की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत दर्ज प्रकरण भी बताए गए हैं.