हरियाणा कांग्रेस ‘सेव वोट–सेव डेमोक्रेसी चौपाल’ अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत 3 नवंबर से करेगी. यह चरण 25 नवंबर तक चलेगा. अभियान का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से किया जाएगा.
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने 2 नवंबर को बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को मतदान के संवैधानिक अधिकार के प्रति जागरूक करना, मतदाता सूचियों की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में जनभागीदारी बढ़ाना तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट की सुरक्षा के लिए संगठनात्मक और जनआंदोलन का ढांचा तैयार करना है.
अभियान के तहत हरियाणा के गांवों में चौपालें आयोजित की जाएंगी. इनमें नागरिकों के साथ सीधे संवाद किया जाएगा. कांग्रेस के अनुसार, युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और समाज के अन्य वर्गों से भी संपर्क किया जाएगा. अभियान का नेतृत्व संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे.
दत्त के मुताबिक, बूथ लेवल एजेंट और कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे. पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हों. प्रत्येक मतदान केंद्र पर समर्पित टीमें गठित और सक्रिय की जाएंगी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी.
कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा से लोगों के मतदान अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब देने को कहा. उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की विश्वसनीयता, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग का स्वतंत्र व पारदर्शी कामकाज लोकतंत्र के लिए जरूरी हैं. कांग्रेस ने इन मुद्दों को उठाते रहने और पात्र नागरिकों के वोट की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही है.
