हरियाणा के हसनपुर में आयोजित कृषि एवं पशुपालन मेले में 15 करोड़ रुपये कीमत वाला मुर्रा झोटा ‘विधायक’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इसे पानीपत जिले के डिडवाड़ी गांव के पशुपालक और पद्मश्री सम्मानित नरेंद्र सिंह मेले में लेकर पहुंचे हैं.

साढ़े पांच साल का ‘विधायक’ अलग-अलग पशु प्रतियोगिताओं में 23 बार प्रथम स्थान हासिल कर चुका है. नरेंद्र सिंह पिछले करीब 30 वर्षों से पशुपालन और अच्छी नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देने के काम से जुड़े हैं. इसी योगदान के लिए उन्हें 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

झोटे की देखभाल और खानपान भी मेले में चर्चा का विषय बना हुआ है. पशुपालक के अनुसार, प्रतियोगिताओं के दौरान ‘विधायक’ की डाइट में काजू-बादाम शामिल किए जाते हैं. हालांकि, उनके फार्म के पशुओं को सामान्य तौर पर नियमित पशु आहार ही दिया जाता है.

मेले में पशुपालकों को अच्छी नस्ल के पशुओं के पालन-पोषण और देखभाल से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है. ‘विधायक’ को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है.