हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज के पास अभ्यास के दौरान लापता हुए दो सैन्य जवानों में से एक का शव मिलने की सूचना है. शव बुधवार रात बैराज से करीब 15 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बरथा कोरसी गांव के पास यमुना नदी से बरामद किया गया. स्थानीय सिंचाई विभाग ने इसकी जानकारी सेना को दी.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शव की पहचान जम्मू-कश्मीर के अखनूर निवासी अजय के रूप में की जा रही है. हालांकि, सेना की ओर से पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. दूसरे लापता जवान की तलाश अब हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र तक पहुंच गई है, जो हथिनीकुंड बैराज से करीब 80 किलोमीटर दूर है.
अभ्यास के दौरान कैसे हुआ हादसा
घटना 1 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुई. रिपोर्ट के अनुसार, वन पैरा स्पेशल फोर्स के पांच जवान चिनूक हेलिकॉप्टर से यमुना में खड़ी एक मोटर बोट पर उतरे थे. जवानों के बोट पर पहुंचने के बाद वह कथित तौर पर स्टार्ट नहीं हुई और डूबने लगी. इसके बाद पांचों जवान डाइविंग किट और लाइफ जैकेट के साथ पानी में उतर गए.
इनमें से तीन जवान तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर निकल आए, जबकि महाराष्ट्र के आर्यन पाटील और अखनूर निवासी अजय लापता हो गए. घटना के बाद सेना और स्थानीय टीमों ने उसी रात तलाशी अभियान शुरू कर दिया.
नहरों और नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन
2 सितंबर को सेना के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश SDRF की टीमें भी तलाशी अभियान में शामिल हुईं. हेलिकॉप्टर से निगरानी की गई और सेना की करीब 10 टीमों ने लगभग 15 किलोमीटर के क्षेत्र में तलाश की. खोज अभियान के दौरान हथिनीकुंड बैराज के आसपास हरियाणा-उत्तर प्रदेश मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित हुई.
पश्चिमी यमुना नहर में करीब एक घंटे तक पानी रोककर जलस्तर कम करने की कोशिश की गई, ताकि जवानों को तलाशने में आसानी हो. टीमों ने मानव शृंखला बनाकर भी नहर में खोजबीन की. बैराज से लगभग 15 किलोमीटर दूर दादुपुर हेड पर दो लाइफ जैकेट और एक डाइविंग किट मिलने की सूचना है. सेना ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये सामान लापता जवानों का ही था या नहीं.
दूसरे जवान की तलाश का दायरा बढ़ा
एक शव उत्तर प्रदेश की ओर मिलने के बाद तलाशी अभियान का दायरा पूर्वी यमुना नहर तक भी बढ़ाया गया है. वहीं, दूसरे जवान के बहकर करनाल के इंद्री क्षेत्र तक पहुंचने की आशंका के आधार पर पश्चिमी यमुना नहर और उससे जुड़ी नहरों में भी खोज जारी है.
शव की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि सेना की ओर से अभी बाकी है. दूसरे जवान की तलाश में सेना, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें अलग-अलग स्थानों पर अभियान चला रही हैं.
