एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ने प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए दो उम्मीदवारों के नाम मंजूर कर दिए हैं. बैंक ने इन नामों को प्राथमिकता क्रम और तीन साल के प्रस्तावित पारिश्रमिक के साथ भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी के लिए भेजा है. हालांकि, उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.
यह प्रक्रिया मौजूदा MD&CEO साशिधर जगदीशन के दोबारा नियुक्ति नहीं लेने के फैसले के बाद शुरू हुई है. जगदीशन ने पिछले महीने के अंत में बोर्ड को इसकी जानकारी दी थी. उनका मौजूदा कार्यकाल 26 अक्टूबर को समाप्त होगा. उन्होंने अक्टूबर 2020 में आदित्य पुरी के बाद पदभार संभाला था और 2023 में उन्हें दोबारा नियुक्त किया गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स में उत्तराधिकारी पद की दौड़ में एचडीएफसी बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा का नाम प्रमुख आंतरिक दावेदार के तौर पर बताया गया है. इसके अलावा ICICI Prudential Life Insurance के MD&CEO अनूप बागची, Tata Capital के MD&CEO राजीव सभरवाल और CSB Bank के MD&CEO प्रलय मंडल के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में बताए गए हैं. बैंक ने इन नामों की पुष्टि नहीं की है.
जिमी टाटा को कार्यकारी निदेशक बनाने की मंजूरी
बोर्ड ने जिमी टाटा की कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्ति को भी मंजूरी दी है. यह नियुक्ति RBI की मंजूरी मिलने की तारीख से तीन साल के लिए या केंद्रीय बैंक की ओर से तय किसी अन्य अवधि के लिए होगी. टाटा फिलहाल बैंक के चीफ क्रेडिट ऑफिसर हैं और 1994 से एचडीएफसी बैंक से जुड़े हैं. उन्होंने कॉरपोरेट बैंकिंग विभाग में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर शुरुआत की थी और बाद में इसी विभाग का नेतृत्व किया. जून 2013 में उन्हें चीफ रिस्क ऑफिसर नियुक्त किया गया था.
बोर्ड ने वी. श्रीनिवास रंगन को भी 23 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2027 तक एक साल के लिए पूर्णकालिक निदेशक के रूप में दोबारा नियुक्त करने की मंजूरी दी है.
उत्तराधिकार योजना और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए बोर्ड ने एक अतिरिक्त पूर्णकालिक निदेशक पद बनाने का फैसला किया है. इससे MD&CEO के अलावा पूर्णकालिक निदेशकों की संख्या चार हो जाएगी. बैंक के अनुसार, यह पद नए MD&CEO के कार्यभार संभालने के बाद उनके परामर्श से भरा जाएगा.
यह बदलाव बैंक में हाल के प्रशासनिक और अनुपालन संबंधी मामलों की पृष्ठभूमि में हो रहे हैं. बैंक की आंतरिक समीक्षा में महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को दिए गए करीब ₹45 करोड़ के ‘डिफरेंशियल इंटरेस्ट’ को मार्केटिंग खर्च के रूप में वर्गीकृत किए जाने का मामला सामने आया था. इसके बाद तीन वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें जगदीशन भी शामिल थे, को चेतावनी पत्र और ₹1 लाख का मौद्रिक दंड दिया गया था.
