हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तस्वीर और नाम को लेकर विवाद सामने आया है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रामपुर और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्रों के हालिया कार्यक्रमों में उनके पति की तस्वीर पोस्टरों पर नहीं लगाए जाने और मंच से उनका नाम नहीं लिए जाने पर आपत्ति जताई.
सुक्खू ने 2 और 3 अक्टूबर को दोनों विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया था और दोनों जगह रात में रुके थे. प्रतिभा सिंह ने एक वीडियो में कहा कि स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता वीरभद्र सिंह की तस्वीर वाले बैनर लगवा सकते थे. उन्होंने इसे दूरदर्शिता की कमी और छोटी सोच बताया.
प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह को गए करीब साढ़े चार साल हुए हैं और पार्टी को इतनी जल्दी उनका चेहरा नहीं भूलना चाहिए. उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को उनके काम से परिचित कराना कांग्रेस का कर्तव्य है.
रामपुर वीरभद्र सिंह का गृह क्षेत्र था, जबकि उन्होंने रोहड़ू विधानसभा सीट से पांच बार चुनाव जीता था. दोनों क्षेत्रों के कांग्रेस विधायकों ने भी माना कि कार्यक्रमों के बैनर पर उनकी तस्वीर होनी चाहिए थी.
