हिमाचल प्रदेश सरकार ने छह विधानसभा क्षेत्रों में नए राजीव गांधी सरकारी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने के बजाय मौजूदा सरकारी स्कूलों को उन्नत करने का निर्णय लिया है. चुने गए विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के अनुरूप सुधार किए जाएंगे.
सरकारी निर्णय के तहत शिक्षा विभाग को इन स्कूलों के मौजूदा ढांचे का विस्तृत आकलन कर संशोधित प्रस्ताव प्रशासनिक मंजूरी और खर्च की स्वीकृति के लिए भेजने को कहा गया है. इन संस्थानों को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार विकसित करने की योजना है.
किन स्कूलों का होगा उन्नयन
उन्नयन के लिए मंडी जिले का करसोग, शिमला जिले के रामपुर बुशहर, रोहड़ू और चौपाल, सिरमौर जिले का नौहराधार तथा ऊना जिले का बेहड़ाला सरकारी स्कूल चुना गया है.
राज्य के 2026-27 के बजट दस्तावेज में भी राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के नए भवनों के निर्माण और संचालित स्कूलों के उन्नयन का उल्लेख है. बजट में 49 ऐसे स्कूलों के लिए करीब 99 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई थी.
