मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गैंगस्टर हि‍मांशु भाऊ और उसके करीबी सहयोगी नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार किया गया है. दोनों की गिरफ्तारी 22 अक्टूबर को हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों की मदद से किए जाने की बात सामने आई है.

नीरज फरीदपुरिया हरियाणा के पलवल जिले के फरीदपुर गांव का रहने वाला बताया गया है. रिपोर्ट्स में उसे बंबीहा गैंग से जुड़ा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विरोधी बताया गया है. उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी है. हरियाणा पुलिस की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल नीरज को भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है.

गिरफ्तारी के बाद भारत लाने की तैयारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों को पकड़ने में अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) की Enforcement and Removal Operations (ERO) इकाई ने मदद की. हरियाणा STF केंद्रीय एजेंसियों के जरिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है. हालांकि, भारत प्रत्यर्पण या निर्वासन की अंतिम प्रक्रिया और उसकी समयसीमा पर अभी आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

हि‍मांशु भाऊ के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी तथा हथियारों की तस्करी से जुड़े 30 से अधिक मामलों का उल्लेख रिपोर्ट्स में है. इंटरपोल ने उसके खिलाफ 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.

कई घटनाओं में नाम आने का दावा

रिपोर्ट्स के अनुसार, 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं के बाद हि‍मांशु भाऊ का नाम प्रमुखता से सामने आया. 2025 में गुरुग्राम में YouTuber एल्विश यादव के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भाऊ गैंग द्वारा लेने का दावा भी किया गया था. दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हत्या और एक कार शोरूम पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी इस गैंग का नाम सामने आने की बात कही गई है.

हि‍मांशु भाऊ के विदेश से गिरोह संचालित करने और व्यापारियों से वर्चुअल नंबरों व सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी मांगने के आरोपों की भी रिपोर्ट्स में चर्चा है. दिल्ली पुलिस, हरियाणा STF और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत कई एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं. गिरफ्तारी के बाद अब आगे की कानूनी कार्रवाई और भारत वापसी पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.