नई दिल्ली: हिंदी दिवस के अवसर पर भारत में इजरायल के राजदूत रुवेन अजार ने हिंदी और हिब्रू को प्राचीन, लेकिन आज भी जीवंत भाषाएं बताया. उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि दोनों भाषाएं प्राचीन होने के बावजूद आज भी व्यापक रूप से जीवित हैं.

भारत में हिंदी दिवस हर साल 14 सितंबर को मनाया जाता है. इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में अपनाया था. हिंदी दिवस मनाने की शुरुआत 1953 में हुई थी.

नेताओं ने भारतीय भाषाओं के सशक्तीकरण पर दिया जोर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए हिंदी को सार्वजनिक संवाद, सुशासन और राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूत करने वाली भाषा बताया. उन्होंने कहा कि हिंदी सभी भारतीय भाषाओं के साथ आगे बढ़ रही है और तकनीक तथा शोध के क्षेत्र में भी उसका इस्तेमाल बढ़ रहा है.

शाह ने हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने हिंदी को समृद्ध करने वाले महत्वपूर्ण योगदानकर्ताओं के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिंदी को भारत की संस्कृति, सभ्यता और जीवन-मूल्यों की अभिव्यक्ति बताया. उनके अनुसार, हिंदी विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

सिंह ने हिंदी के संरक्षण, प्रचार और प्रसार के साथ ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में इसे और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया.

हिंदी दिवस के आयोजनों का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देना और देश की भाषाई विरासत के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है.