जम्मू-कश्मीर के हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक विजय शर्मा का लापता बेटा आदित्य कुमार दिल्ली में मिल गया है. अधिकारियों के अनुसार, वह अपनी बड़ी बहन से मिलने दिल्ली पहुंचा था और अब घर लौट रहा है.

आदित्य मंगलवार शाम बैडमिंटन खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया. आदित्य 11वीं कक्षा का छात्र है.

पुलिस ने कठुआ और जम्मू के अलावा पंजाब तथा दिल्ली में भी उसकी तलाश की. बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की CCTV फुटेज खंगाली गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, आदित्य को मंगलवार शाम करीब 5 बजे बस में सवार होते देखा गया था. इस आधार पर पुलिस ने बस के चालक और परिचालक से भी पूछताछ की.

रातभर चले अभियान के बाद आदित्य के दिल्ली में होने की जानकारी मिली. उसकी बहन ने परिवार को सूचना दी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में किसी आपराधिक या आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं की है.