मुंबई और चक्रधरपुर रेल मंडलों में चल रहे आवश्यक तकनीकी और रखरखाव कार्यों के कारण हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस का परिचालन दोनों दिशाओं में रद्द किया गया है. इस फैसले से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर असर पड़ेगा.

रेलवे की जानकारी के अनुसार, हावड़ा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) जाने वाली ट्रेन संख्या 12262 को 13 अक्टूबर को रद्द रखा गया है. वापसी में सीएसएमटी से हावड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 12261 14 अक्टूबर को नहीं चलेगी.

रेल मंडलों में ट्रैक रखरखाव, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और संरक्षा से जुड़े तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं. इन कार्यों के लिए मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाना है. रेलवे के मुताबिक, इनका उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा, समयबद्धता और भविष्य में ट्रेनों की गति में सुधार करना है.

टिकट रिफंड की व्यवस्था

आईआरसीटीसी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से बुक किए गए ई-टिकट का किराया रेलवे के नियमों के अनुसार स्वतः वापस किया जाएगा. आरक्षण काउंटर से खरीदे गए टिकटों के लिए यात्रियों को संबंधित रेलवे काउंटर से रिफंड लेना होगा.

रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति जांचने को कहा है. इसके लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली यानी NTES पोर्टल या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी संपर्क कर सकते हैं.