पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गणेश पूजा पंडाल की एक थीम को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान गणेश को साथ बैठे तथा चाय के कप पकड़े हुए दिखाया गया है. इसे ‘चाय पे चर्चा’ की अवधारणा से जोड़ा गया है.

प्रदर्शनी के पीछे ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखा हुआ है. वहां ‘ॐ’ चिह्न वाले भगवा रंग के भारत मानचित्र और एक भगवा ध्वज को भी शामिल किया गया है.

तृणमूल कांग्रेस के नेता अरूप रॉय ने इस थीम पर आपत्ति जताई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने इसे भाजपा में हाल में शामिल हुए लोगों की पार्टी नेतृत्व को खुश करने की कोशिश बताया.

दूसरी ओर, पंडाल के आयोजक और भाजपा ने थीम का बचाव किया है. यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब राज्य में गणेश पूजा के सार्वजनिक आयोजन चल रहे हैं.