दिवाली पर हिमाचल प्रदेश लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से 266 अतिरिक्त बसें चलाएगा. ये विशेष सेवाएं 6 और 7 नवंबर को संचालित की जाएंगी.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को 134 और 7 नवंबर को 132 अतिरिक्त बसें चलेंगी. दो दिनों में दिल्ली से 91, चंडीगढ़ से 132 और बद्दी से 43 बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. बसें हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए संचालित की जाएंगी.

दिवाली की शाम स्थानीय सेवाओं पर रोक

HRTC के अनुसार, 8 नवंबर को दिवाली के दिन शाम 5 बजे से 9 नवंबर की सुबह 8 बजे तक स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी. हालांकि, यात्रियों की जरूरत को देखते हुए 8 नवंबर की शाम लंबी दूरी की बस सेवाएं चलाने की योजना है. दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा के लिए एक-एक सेवा संचालित की जाएगी.

यात्रियों को बसों की उपलब्धता, समय-सारणी और टिकट बुकिंग की जानकारी HRTC की आधिकारिक वेबसाइट से लेने की सलाह दी गई है. मांग बढ़ने पर निगम अतिरिक्त सेवाओं पर भी विचार कर सकता है.