हैदराबाद में शुक्रवार से दो दिवसीय भारत समिट शुरू होने वाली है. आयोजन में 70 देशों के प्रतिनिधियों के आने की बात कही गई है. समिट में वैश्विक चुनौतियों और समकालीन मुद्दों पर चर्चा होगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसके दूसरे दिन, 14 नवंबर को शामिल होंगे.

तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू के अनुसार, भारत समिट 2026 का उद्देश्य राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है. इसमें वैश्विक नेताओं, नीति विशेषज्ञों और प्रोग्रेसिव विचारकों की भागीदारी प्रस्तावित है. राज्य सरकार इसे तेलंगाना के औद्योगिक और आईटी इकोसिस्टम को सामने रखने के अवसर के रूप में देख रही है.

गिग वर्कर्स के कार्यक्रम में भी जाएंगे राहुल

राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के एक कार्यक्रम तथा रैली में भी शामिल होंगे. कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) के पास प्रस्तावित है. डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप-आधारित सेवाओं से जुड़े अन्य कामगार अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रख सकते हैं.

कार्यक्रम के दौरान गिग वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड शुरू करने की तैयारी है. चर्चा का केंद्र सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सुरक्षा, पंजीकरण और शिकायत निवारण जैसे विषय रहेंगे.

तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए ‘तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026’ बनाया है, जो 2 जून से लागू बताया गया है. 14 नवंबर को इस कानून के तहत बने नियमों की अधिसूचना जारी किए जाने की तैयारी है.

तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन ने कहा कि कानून के नियमों और वेलफेयर बोर्ड की अधिसूचना की तैयारी गिग वर्कर्स के लिए महत्वपूर्ण है. उनके मुताबिक, रैली में किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी.