हैदराबाद सेंट्रल जेल में ट्रांसजेंडर कैदियों के लिए जेंडर-न्यूट्रल सेल बनाया गया है. नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) के अनुसार, यह देश में इस तरह की पहली व्यवस्था है. इसका उद्देश्य उन कैदियों को पुरुष या महिला वार्ड में रखने की समस्या से राहत देना है, जिनकी जेंडर पहचान पारंपरिक जेल वर्गीकरण से मेल नहीं खाती.
नई व्यवस्था में ट्रांसजेंडर कैदी अपनी पहचान के अनुसार रह सकेंगे और अपनी पसंद के कपड़े पहन सकेंगे. NHRC के मुताबिक, यह कदम 8 अक्टूबर को आयोग के विशेष मॉनिटर के जेल दौरे के बाद उठाया गया. विशेष मॉनिटर ट्रांसजेंडर और LGBTQ+ समुदाय के अधिकारों से जुड़े मामलों की निगरानी करते हैं.
जेलों के लिए NHRC की प्रमुख सिफारिशें
NHRC की एडवाइजरी में ट्रांसजेंडर कैदियों के लिए पुरुष और महिला वार्ड से अलग सेल या वार्ड बनाने की बात कही गई है, लेकिन उन्हें पूरी तरह अलग-थलग नहीं करने को कहा गया है. ऐसे कैदियों के लिए अलग टॉयलेट और बाथरूम की सुविधा देने की भी सिफारिश है.
तलाशी के दौरान कैदी की पसंद के जेंडर वाले व्यक्ति या प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की मदद लेने को कहा गया है. स्ट्रिप सर्च निजी स्थान पर ही करने और इसे जेंडर की जांच का माध्यम नहीं बनाने की बात कही गई है. जेल में प्रवेश, मेडिकल जांच, कपड़ों और आवास की व्यवस्था में कैदी की पहचान का सम्मान करने की सिफारिश भी शामिल है.
एडवाइजरी के अनुसार, जेल प्रशासन को ट्रांसजेंडर पहचान प्रमाणपत्र बनवाने में मदद करनी चाहिए. स्वास्थ्य सेवाओं में भेदभाव नहीं होना चाहिए और जरूरतमंद कैदियों को हार्मोन थेरेपी या जेंडर-अफर्मिंग केयर से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.
छत्रपति संभाजीनगर जेल में भी अलग बैरक की योजना
महाराष्ट्र की छत्रपति संभाजीनगर स्थित हरसूल सेंट्रल जेल में 16 ट्रांसजेंडर कैदी हैं. उनके लिए अलग बैरक बनाने को ₹12.12 करोड़ का टेंडर जारी किया गया है. इसी परियोजना के तहत 100 कैदियों की क्षमता वाली ओपन जेल भी बनाई जा रही है.
इससे पहले सितंबर 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र और दिल्ली पुलिस से ट्रांसजेंडर लोगों की गिरफ्तारी और हिरासत के लिए NHRC की मई 2026 की एडवाइजरी के आधार पर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने को कहा था.
