तेलंगाना के हैदराबाद के पास नादेरगुल स्थित MVSR Engineering College में डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग ट्रस गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई. हादसा 17 अक्टूबर की शाम हुआ था. पुलिस ने मामले में आयोजन और लाइटिंग व्यवस्था से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
हादसे में 22 छात्र घायल हुए थे. गंभीर रूप से घायल एक छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. ज्यादातर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ छात्रों का इलाज जारी बताया गया है.
जांच में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्थायी ट्रस को चार खंभों के बजाय केवल दो खंभों पर खड़ा किया गया था. अधिकारियों के अनुसार, इसकी स्थापना के दौरान जरूरी सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया गया. तेज हवा को भी हादसे की संभावित वजहों में शामिल किया जा रहा है.
पुलिस ने तीन गिरफ्तार आरोपियों से मोबाइल फोन, समझौते से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन का रिकॉर्ड जब्त किया है. घटनास्थल से करीब 19 मीटर लंबा ट्रस और अनधिकृत DJ साउंड सिस्टम भी बरामद किया गया. मामले में सात लोगों की पहचान की गई है; चार अन्य आरोपी और कॉलेज से जुड़े दो समन्वयक अभी फरार बताए जा रहे हैं. तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
