तेलंगाना महिला आयोग ने हैदराबाद के पांच फर्टिलिटी सेंटरों के प्रबंधन से कथित तौर पर गरीब महिलाओं से अंडाणु लेकर अवैध IVF प्रक्रियाओं में इस्तेमाल किए जाने के आरोपों पर पूछताछ की. यह कार्रवाई राज्य में कथित रैकेट के सिलसिले में नौ लोगों की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद हुई है.

आयोग की अध्यक्ष नेरेल्ला शारदा ने 7 नवंबर को स्वत: संज्ञान लेते हुए इंदिरा IVF, नर्मदा फर्टिलिटी, ओएसिस फर्टिलिटी, सद्गुरु ART सेंटर और पद्मजा फर्टिलिटी सेंटर को नोटिस जारी किए थे. इन केंद्रों के प्रबंध निदेशक, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और सेंटर प्रमुख आयोग के समक्ष उपस्थित हुए.

आयोग ने यह जानने की कोशिश की कि महिलाओं से अंडाणु लेने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं. आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, केंद्रों के प्रतिनिधियों ने अंडाणु निकालने की प्रक्रियाओं से जुड़े रिकॉर्ड, विवरण और अपने स्पष्टीकरण जमा किए हैं. इन जवाबों और दस्तावेजों की समीक्षा के बाद आयोग आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा.

पुलिस के अनुसार 43 महिलाएं बचाई गईं

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मामला 31 अक्टूबर को सामने आया, जब हैदराबाद में एक साथ की गई छापेमारी के दौरान 43 महिलाओं को बचाया गया. आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को अंडाणु दान के एक चक्र के लिए 20,000 से 30,000 रुपये देने का लालच दिया जाता था. वहीं, रैकेट चलाने वाले लोग प्रत्येक चक्र से करीब 3 लाख रुपये कमाते थे.

मलकाजगिरी की पुलिस आयुक्त बी. सुमति के अनुसार, यह कथित रैकेट सरूरनगर थाने के तहत वेंकटेश्वर कॉलोनी से संचालित किया जा रहा था. पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में दुर्गा प्रसाद की पहचान की है. आरोप है कि वह अलग-अलग राज्यों की युवतियों को पैसे का वादा कर हैदराबाद लाता और वेंकटेश्वर कॉलोनी के शेट्टी वर्किंग विमेन हॉस्टल में ठहराता था.

पुलिस के मुताबिक, प्रसाद इन महिलाओं से हर महीने अंडाणु लेने के बाद उन्हें विभिन्न कॉरपोरेट अस्पतालों और फर्टिलिटी सेंटरों को ऊंची कीमत पर उपलब्ध कराता था. सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रसाद और उसके आठ सहयोगियों को गिरफ्तार किया. हॉस्टल से 15 महिलाओं को उस्मानिया अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें आश्रय गृह भेजा गया.

पुलिस ने बेगमपेट के प्रकाश नगर स्थित एक अपार्टमेंट पर भी छापा मारा, जहां बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा की आठ महिलाएं मिलीं. पुलिस का कहना है कि इस परिसर का इस्तेमाल वर्किंग विमेन हॉस्टल के नाम पर कथित रैकेट चलाने के लिए किया जा रहा था. मामले में आरोपों की जांच जारी है.