गणेश उत्सव के अंतिम दिन 25 सितंबर को देशभर में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों, तालाबों, झीलों और कृत्रिम विसर्जन कुंडों में होगा.
हैदराबाद में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए 25 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. निगरानी के लिए 24 ड्रोन और 10 हजार CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. हुसैन सागर झील के आसपास ऊंची इमारतों पर करीब 100 अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं.
जुलूसों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन
25 सितंबर को बड़े जुलूसों को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन और कुछ पाबंदियां लागू रहेंगी. प्रशासन ने नागरिकों, आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से तय विसर्जन मार्गों का इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. शोभायात्राओं के दौरान शांति बनाए रखने को भी कहा गया है.
हुसैन सागर के किनारे क्रेन, इमरजेंसी रिस्पॉन्स बोट, विशेषज्ञ गोताखोर और मेडिकल पोस्ट तैनात किए गए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान आपात स्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध कराई जा सके.
तेलंगाना सरकार ने 25 सितंबर को हैदराबाद-सिकंदराबाद, रंगारेड्डी और मेडचल-मलकाजगिरी जिलों में सरकारी छुट्टी घोषित की है. इन जिलों में उस दिन सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे.
