हैदराबाद के हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर एक महिला से कथित मारपीट और उसे बाल पकड़कर जमीन पर घसीटने के मामले में होमगार्ड को गिरफ्तार किया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की.
साइबराबाद के पुलिस आयुक्त एम. रमेश ने शनिवार को बताया कि आरोपी होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला कचरा बीनने का काम करती है. पुलिस के मुताबिक, स्टेशन पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. महिला ने कथित तौर पर होमगार्ड को गाली दी थी. हालांकि, पुलिस ने इस घटना में महिला के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
रेलवे ने की आरोपी की पहचान
मियापुर पुलिस थाने में होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. साउथ सेंट्रल रेलवे ने बताया कि जांच के बाद आरोपी की पहचान तेलंगाना स्टेट पुलिस के होमगार्ड के रूप में हुई. रेलवे ने उसे आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए तेलंगाना स्टेट पुलिस को सौंप दिया है.
साइबराबाद पुलिस ने कहा कि वह ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेती है. पुलिस के अनुसार, प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मान और गरिमा से व्यवहार करना तथा अनुशासन बनाए रखना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है.
