हैदराबाद में सैन्य सुविधा से हथियार चोरी के मामले में तीन सेवारत सेना कर्मियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मल्काजगिरी पुलिस कमिश्नर बी. सुमति के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले का पूर्व हवलदार उप्पुथल्ला मल्लेश है. उसे इससे पहले 11 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था.

पुलिस के मुताबिक, 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात बोलारम स्थित कोटे और बटालियन मैगजीन से AK-203 असॉल्ट राइफलें और गोलियां चोरी की गईं. चोरी का सामान नागरकुर्नूल के अचामेप्ट में मल्लेश के पिता के घर छिपाया गया था. पुलिस ने दावा किया है कि हथियार और गोला-बारूद बरामद कर लिया गया है.

शनिवार को की गई गिरफ्तारियों में तीन सेवारत सेना कर्मियों के अलावा पश्चिम बंगाल के दो लोग, मल्लेश का एक चचेरा भाई और उसका एक दोस्त शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मल्लेश ने सेना कर्मियों की मदद से कोटे और मैगजीन के ताले खुलवाए और हथियार बाहर निकाले.

पुलिस के अनुसार क्या थी योजना

जांच के मुताबिक, मल्लेश, उसका चचेरा भाई और दोस्त आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे. तीनों बैंक, ज्वेलरी शॉप और संपन्न लोगों को लूटकर बड़ी रकम जुटाने की योजना बना रहे थे. पुलिस के अनुसार, मल्लेश पहले भी घरों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है.

मल्लेश 20 बटालियन, मद्रास रेजिमेंट में हवलदार था. पुलिस के अनुसार, अनुशासनहीनता और खराब स्वास्थ्य के कारण उसे इसी साल जून में समय से पहले सेवानिवृत्त किया गया था. अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजा था और 22 सितंबर को पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.

पूछताछ में मल्लेश ने 2022 में बैरकपुर में तैनाती के दौरान पश्चिम बंगाल के दो लोगों से देसी हथियार और एक जिंदा कारतूस खरीदने की बात भी बताई. पुलिस के अनुसार, इन दोनों से सेना से चोरी किए गए हथियार और गोलियां खरीदने को लेकर संपर्क किया गया था. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच में किसी आतंकी या उग्रवादी संगठन से संबंध नहीं मिला. सेना की ओर से तत्काल प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हुई.