हैदराबाद के अलवाल इलाके में 16 वर्षीय छात्रा से कथित यौन हिंसा के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला POCSO अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, लड़की की कुछ आरोपियों से पहले पहचान थी. आरोप है कि 9 सितंबर को उसे नशीले पदार्थ दिए गए और बॉलाराम रेलवे स्टेशन के आसपास, एक घर, होटल तथा मेडक़ल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के डिब्बे सहित अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया. वहां उसके साथ बार-बार यौन हिंसा की गई.
परिवार के मुताबिक, लड़की 10 सितंबर को आरोपियों के चंगुल से निकलकर घर पहुंची और घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लड़की के संपर्क में आए थे. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में और लोग शामिल थे या नहीं. अधिकारियों ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने वालों और होटल से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू की है. मामले में पीड़िता की मेडिकल जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
