हैदराबाद के अट्टापुर इलाके में पुलिस जांच से बचने की कथित कोशिश के मामले में 20 वर्षीय छात्र मोहम्मद फहद उद्दीन को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को 16 अक्टूबर को पकड़ा गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

पुलिस ने बताया कि आरोपी टोलिचौकी की सालार जंग कॉलोनी का रहने वाला है. वह Suzuki Fronx चला रहा था, जिसकी नंबर प्लेट के ऊपर “GHOST” लिखा हुआ था. जांच के दौरान पुलिस को देखते ही उसने कथित तौर पर कार पीछे की और सामने से आ रहे ट्रैफिक की दिशा के विपरीत तेज रफ्तार में चलाने लगा.

पुलिस के मुताबिक, कार ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की ओर खतरनाक ढंग से बढ़ी, जिससे पुलिसकर्मियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई तथा लोगों की जान जोखिम में पड़ी. अट्टापुर के सब-इंस्पेक्टर श्रीनिवास रेड्डी और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए चालक को पकड़ लिया और वाहन जब्त कर लिया.

मामले में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई शहर में चल रहे “Operation Kavach” के तहत वाहन जांच के दौरान हुई. पुलिस ने अभिभावकों से युवाओं को तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और सड़क पर स्टंट करने से रोकने की अपील की है.

पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि नंबर प्लेट पर अनधिकृत नाम या सजावटी निशान लगाने और जांच से भागने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.