हैदराबाद के कोकापेट इलाके में 15 वर्षीय छात्रा की 23वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, किशोरी एक निजी जूनियर कॉलेज में इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष की छात्रा थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रा की पहचान लस्या लहरी के रूप में हुई है. वह माधापुर स्थित एक निजी कॉलेज में पढ़ती थी. पुलिस का कहना है कि वह कथित तौर पर इमारत से नीचे गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि छात्रा की मां ने नियमित रूप से कॉलेज नहीं जाने और पढ़ाई पर ध्यान नहीं देने को लेकर उसे डांटा था. हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि घटना का यही कारण था या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति भी रही.
छात्रा के पिता की शिकायत पर नरसिंगी पुलिस ने मामला दर्ज किया है. जांच के तहत परिवार के सदस्यों, दोस्तों और कॉलेज से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच कर रही है.
