हैदराबाद में कथित आतंकी धमकी वाले ईमेल के बाद पुलिस ने शहर में हाई अलर्ट जारी किया है. ईमेल में काचिगुडा स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचिगुडा रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. पुलिस के अनुसार, ईमेल में 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों जैसी घटना दोहराने और कम से कम 300 लोगों की जान लेने का दावा किया गया.

यह अलर्ट 21 नवंबर को हैदराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने जारी किया. ईमेल भेजने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया और कथित तौर पर लश्कर कमांडर लतीफ भट तथा अन्य सहयोगियों की भारतीय सेना के हाथों मौत का बदला लेने की बात कही. हालांकि, ईमेल में किए गए दावों और उसके पीछे मौजूद लोगों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

धमकी के बाद हैदराबाद सिटी पुलिस ने संबंधित स्थानों पर एंटी-सैबोटाज जांच शुरू की है और शहर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है. साइबर क्राइम पुलिस ईमेल भेजने वालों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

स्पेशल ब्रांच ने सभी थाना प्रभारियों, एसीपी और डीसीपी को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. ट्रैफिक पुलिस और टास्क फोर्स को भी होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर निगरानी मजबूत करने को कहा गया है.

पुलिसकर्मियों को संदिग्ध लोगों, लावारिस वस्तुओं, संदिग्ध वाहनों और असामान्य गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास या उन्हें साझा न करने की अपील की है. किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत 112 पर देने को कहा गया है.