तेलंगाना के हैदराबाद में चोमासा खत्म होने के 17 दिन बाद ही पानी का संकट गंभीर हो गया है. शहर में आमतौर पर टैंकरों की मांग मार्च से बढ़ती है, लेकिन इस बार अक्टूबर में ही रोजाना करीब 8,000 टैंकरों की बुकिंग हो रही है. जल बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में अब तक 62,565 टैंकर बुक किए गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 18,806 थी. यानी मांग में 233% की बढ़ोतरी हुई है. बोडुप्पल इलाके में मांग पिछले साल के मुकाबले 22 गुना बताई गई है.
पानी की कमी का असर बासर यूनिवर्सिटी पर भी पड़ा है. विश्वविद्यालय में सोमवार से कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित करने का फैसला किया गया है. यहां रोजाना 25 लाख लीटर पानी की जरूरत है, जबकि आपूर्ति केवल 10 लाख लीटर हो पा रही है. जल बोर्ड ने लोगों से पानी की खपत 20% घटाने की अपील की है.
शहर के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और आईटी इलाकों में अपार्टमेंट और कार्यालय टैंकरों पर अधिक निर्भर हो रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, करीब 20,000 बोरवेल सूख चुके हैं. सुन्नम चेरुवु झील के आसपास कथित अवैध जल बिक्री के एक नेटवर्क का ड्रोन से पता लगाया गया. अधिकारियों ने 15 बोरवेल और उनसे जुड़ी पाइपलाइनें हटाई हैं.
कम बारिश और गिरता भूजल
हैदराबाद में सामान्य 627 मिलीमीटर के मुकाबले इस वर्ष 458 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 27% कम है. शहर के 16 में से 13 मंडलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई. सितंबर 2025 की तुलना में सितंबर 2026 में ग्रेटर हैदराबाद और आसपास के शहरी क्षेत्र का भूजल स्तर औसतन 22.5 फीट नीचे चला गया.
हैदराबाद को पानी देने वाले सिंगूर जलाशय में 17 अक्टूबर को 29.91 टीएमसी की कुल क्षमता के मुकाबले 3.416 टीएमसी पानी बचा था. यह करीब 11% है. मौजूदा निकासी दर जारी रहने पर सामान्य आपूर्ति 9 नवंबर तक चलने का अनुमान है. इसके बाद विशेष पंपों की मदद से 10 दिसंबर तक आपूर्ति जारी रखने की संभावना बताई गई है.
