वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने तेजस Mk-1A लड़ाकू विमानों की डिलीवरी में देरी पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना सही दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन इसकी गति को और तेज करने की जरूरत है.

एयर फोर्स के 94वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर नई दिल्ली में एयर वॉरियर्स और वायुसेना के पूर्व जवानों को संबोधित करते हुए सिंह ने बदलती सैन्य तकनीक के दौर में अधिक क्षमता, तेज भर्ती और मजबूत लड़ाकू ताकत की जरूरत बताई.

क्षमता-केंद्रित रणनीति पर जोर

एयर चीफ मार्शल के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में वायुसेना का फोकस ‘प्लेटफॉर्म-केंद्रित’ रणनीति से ‘क्षमता-केंद्रित’ रणनीति की ओर गया है. उनके मुताबिक, इस बदलाव ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी उपयोगिता साबित की. सैन्य अभियानों और अभ्यासों ने वायुसेना की क्षमताओं की परीक्षा ली है.

उन्होंने मानवीय सहायता, आपदा राहत अभियानों और एयर डिप्लोमेसी का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, इन गतिविधियों से वायुसेना की पहुंच और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का दायरा बढ़ा है.

180 तेजस विमानों के लिए दो समझौते

फरवरी 2021 में रक्षा मंत्रालय ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ 83 तेजस Mk-1A विमानों की खरीद के लिए 48,000 करोड़ रुपये का समझौता किया था. इन विमानों की पहली खेप मार्च 2024 में मिलने की योजना थी, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक वायुसेना को एक भी विमान नहीं मिला है.

वायुसेना के लड़ाकू स्क्वॉड्रन की संख्या घटकर 29 रह गई है, जबकि आधिकारिक तौर पर मंजूर संख्या 42 है. इस कमी के बीच तेजस Mk-1A को शामिल करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

रक्षा मंत्रालय ने पिछले साल सितंबर में HAL के साथ 97 और तेजस Mk-1A विमानों के लिए 62,370 करोड़ रुपये का समझौता किया था. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह इसी महीने सेवानिवृत्त होंगे. उनके उत्तराधिकारी के रूप में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को नामित किया गया है.