हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने भारतीय वायुसेना को पहला HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान सौंप दिया है. विमान को ‘अंकुर’ नाम दिया गया है. इसका इस्तेमाल भारतीय रक्षा सेवाओं में शुरुआती पायलट प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा.
बेंगलुरु में आयोजित हैंडओवर कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विमानों की पूजा भी की.
70 HTT-40 विमानों के अनुबंध के तहत पहली डिलीवरी
रक्षा मंत्रालय ने 2023 में HAL को 70 HTT-40 विमानों की आपूर्ति का अनुबंध दिया था. समझौते के अनुसार इन विमानों की डिलीवरी सितंबर 2025 से शुरू होनी थी, लेकिन इसमें करीब एक साल की देरी हुई. मौजूदा हैंडओवर इसी अनुबंध के तहत पहली डिलीवरी है.
HTT-40 से पहले भी भारतीय वायुसेना स्वदेशी HAL HPT-32 ‘दीपक’ जैसे ट्रेनर विमानों का इस्तेमाल कर चुकी है.
तेजस ट्रेनर की डिलीवरी भी पूरी
HAL ने वायुसेना को दो LCA तेजस FOC ट्रेनर विमान भी सौंपे. इसके साथ FOC अनुबंध के तहत चार ट्विन-सीटर तेजस ट्रेनर विमानों की डिलीवरी पूरी हो गई है. इन विमानों में बेहतर रडार, ऑटोपायलट, उन्नत फ्यूल सिस्टम, सुरक्षित संचार के लिए सॉफ्टवेयर-डिफाइंड रेडियो और एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग प्रोब जैसी सुविधाएं हैं.
पवन हंस को चार ध्रुव NG हेलिकॉप्टर
कार्यक्रम में HAL ने पवन हंस लिमिटेड को चार ध्रुव NG हेलिकॉप्टर भी सौंपे. यह पहली बार होगा जब सिविल सर्टिफाइड ध्रुव NG को सिविल एविएशन क्षेत्र में शामिल किया जाएगा. HAL के अनुसार, ध्रुव NG 5.5 टन श्रेणी का ट्विन-इंजन मल्टी-रोल हेलिकॉप्टर है.
