भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसी तकनीक विकसित करने के लिए ‘First in the World Challenge’ शुरू किया है, जिसे दुनिया में पहले कभी सोचा, परखा या इस्तेमाल न किया गया हो. पहल का लक्ष्य नई वैक्सीन, दवाएं, उपचार, डायग्नोस्टिक और अन्य स्वास्थ्य तकनीकों को प्रयोगशाला से वास्तविक उपयोग तक पहुंचाना है.
ICMR के अनुसार, एक परियोजना के लिए उसकी प्रगति के स्तर के आधार पर अधिकतम ₹8 करोड़ तक की सहायता दी जा सकती है. अनुदान तीन चरणों में जारी होगा. प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट के लिए ₹1 करोड़ तक, प्रोटोटाइप चरण के लिए ₹4 करोड़ तक और अंतिम उत्पाद या कार्यान्वयन मॉडल के लिए ₹8 करोड़ तक की राशि निर्धारित है. अगले चरण की राशि पिछले चरण के लक्ष्यों और उपलब्धियों की समीक्षा के बाद जारी की जाएगी.
यह अवसर केवल ICMR के वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं है. सरकारी मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, विश्वविद्यालय, मान्यता प्राप्त शोध प्रयोगशालाएं और पात्र गैर-सरकारी संगठन आवेदन कर सकते हैं. भारतीय स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और उद्योग भी इस पहल के लिए पात्र बताए गए हैं.
कार्यक्रम में सामान्य या मामूली सुधार के बजाय वास्तविक रूप से नई स्वास्थ्य तकनीकों को प्राथमिकता दी जाएगी. ICMR पहले यह जांचेगा कि प्रस्ताव सचमुच ‘दुनिया में पहला’ है या नहीं. इसके बाद विशेषज्ञों, नवोन्मेषकों, नीति-निर्माताओं और वैज्ञानिकों का पैनल उसके स्वास्थ्य-प्रभाव और उपयोगिता का आकलन करेगा.
प्रस्ताव में नैदानिक जरूरत, मौजूदा विकल्पों पर बढ़त, नियामकीय मंजूरी, वैलिडेशन, व्यावसायीकरण और तकनीक हस्तांतरण की योजना बतानी होगी. आवेदन 7 अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक किए जा सकेंगे, जबकि परिणाम 31 दिसंबर तक घोषित किए जाने हैं. प्रत्येक प्रस्ताव में मुख्य अन्वेषक के संस्थान से कम-से-कम एक सह-प्रधान अन्वेषक होना जरूरी होगा.
