इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG वाहनों की सुरक्षा जांच को स्वचालित करने के लिए टेक्नोलॉजी आधारित सिस्टम शुरू किया है. यह सिस्टम फिलहाल IGL के 10 स्टेशनों पर लागू किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी आने वाले समय में इसे अपने सभी CNG स्टेशनों पर लागू करने की तैयारी कर रही है.

कैसे काम करेगा सिस्टम

स्टेशन पर लगे कैमरों की मदद से वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर कैप्चर किया जाएगा. इसके बाद इस जानकारी को AI आधारित एप्लिकेशन में प्रोसेस किया जाएगा. सिस्टम वाहन के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड को उसमें लगे CNG सिलेंडर के हाइड्रो-टेस्ट सर्टिफिकेट से मिलाएगा.

सिलेंडर की वैधता की जांच पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (PESO) के पोर्टल के जरिए की जाएगी. इससे स्टेशन पर रियल-टाइम में पता लगाया जा सकेगा कि सिलेंडर का सर्टिफिकेट वैध है या उसका हाइड्रो-टेस्ट समाप्त हो चुका है.

यदि सर्टिफिकेट एक्सपायर या अमान्य पाया जाता है, तो सिस्टम स्टेशन पर अलर्ट जारी करेगा. ऐसी स्थिति में संबंधित वाहन में CNG भरने से रोका जा सकता है. इससे मैन्युअल जांच पर निर्भरता घटाने और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

मौजूदा नियमों के मुताबिक, प्रत्येक CNG सिलेंडर की तीन साल में एक बार PESO से मंजूर सिलेंडर टेस्टिंग सेंटर पर हाइड्रो टेस्टिंग कराना जरूरी है. नए सिस्टम के जरिए IGL इस रिकॉर्ड की डिजिटल जांच को रिफ्यूलिंग प्रक्रिया से जोड़ने की कोशिश कर रही है.