मुंबई के IIT बॉम्बे में छात्र प्रदर्शन के बीच संस्थान प्रशासन ने छात्रों के 18 सूत्री मांग-पत्र पर सहमति जताई है. यह घटनाक्रम 20 वर्षीय बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद तीन दिन से चल रहे प्रदर्शन के बीच सामने आया.
रविवार रात संस्थान के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य द्वार के पास धरने पर बैठे छात्रों से करीब तीन घंटे बातचीत की. इसके बाद मांग-पत्र पर हस्ताक्षर किए गए. हालांकि, प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि सभी मांगों पर आगे की प्रक्रिया और औपचारिक कार्रवाई नियमों के अनुसार होगी.
छात्रों की प्रमुख मांगों में साहिल वाकोडे की मौत की स्वतंत्र जांच, जांच की अंतरिम रिपोर्ट 30 सितंबर तक और अंतिम रिपोर्ट 15 अक्टूबर तक सार्वजनिक करना शामिल है. प्रदर्शनकारी प्रशासनिक जवाबदेही, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और संस्थागत सुधारों की भी मांग कर रहे हैं.
मांगों और समझौते का विस्तृत ब्योरा सोमवार को खुली बैठक में छात्रों के सामने रखा जाएगा. इसके बाद प्रदर्शनकारी तय करेंगे कि आंदोलन जारी रखना है या नहीं. संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में भी मामले और मांगों पर चर्चा प्रस्तावित है.
