IIT बॉम्बे ने बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को डीन पद से हटा दिया है. संस्थान के अनुसार, दुल्ला प्रोफेसर के पद पर बने रहेंगे. IIT बॉम्बे ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने से पहले छात्र की मौत से जुड़े घटनाक्रम पर बयान देना उचित नहीं था और इसके लिए संस्थान ने माफी मांगी है.

22 वर्षीय साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में दूसरे वर्ष के छात्र थे. 18 सितंबर की रात वे पवई परिसर स्थित हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए थे. संस्थान के 19 सितंबर के बयान के मुताबिक, उसी दिन मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान साहिल फोन का इस्तेमाल करते पकड़े गए थे. IIT ने दावा किया था कि उन्होंने प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड करने की कोशिश की थी. हालांकि, संस्थान ने कहा कि उनके खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी.

IIT के मुताबिक, इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने साहिल से बात की थी और काउंसलिंग की थी. उन्हें यह भी बताया गया था कि इस घटना का उनके अकादमिक करियर पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद वे हॉस्टल लौटे थे. इन घटनाओं और मौत के बीच किसी कारणात्मक संबंध का निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा.

परिवार की शिकायत और पुलिस जांच

साहिल के माता-पिता ने 19 सितंबर को प्रोफेसर दुल्ला समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. उनके पिता रवींद्र वाकोडे ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को जातिसूचक गालियां दी जाती थीं और करीब तीन महीने से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. शिकायत में IIT बॉम्बे के निदेशक, कुछ फैकल्टी सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और SC/ST अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है.

IIT बॉम्बे ने यह भी स्पष्ट किया है कि निदेशक प्रोफेसर शिरीष बी. केदारे ने इस्तीफा नहीं दिया है. इससे पहले उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ करीब तीन घंटे बैठक की थी और छात्रों की 18 मांगों वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए थे. छात्रों ने मांगें एक महीने में पूरी न होने पर निदेशक और दो डीन के इस्तीफे की बात कही है.

साहिल की मौत के बाद 400 से अधिक छात्रों ने प्रदर्शन किया और मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस साल IIT बॉम्बे में यह आत्महत्या का तीसरा और देश के IIT परिसरों में नौवां मामला बताया गया है. ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के मुताबिक, पिछले 20 वर्षों में IIT छात्रों की आत्महत्या के 160 मामले सामने आए हैं.