मुंबई स्थित IIT बॉम्बे के छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत की जांच कर रही क्राइम ब्रांच परीक्षा कक्ष से हॉस्टल तक उनकी गतिविधियों की CCTV फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का ध्यान 18 सितंबर को परीक्षा खत्म होने के बाद की घटनाओं की क्रमवार जानकारी जुटाने पर है.
जांच अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा कक्ष की फुटेज में दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच की गतिविधियां दर्ज हैं. इसके बाद कैंपस और हॉस्टल की CCTV रिकॉर्डिंग से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र किस रास्ते से अपने कमरे तक पहुंचे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें करीब 1:25 बजे हॉस्टल लॉबी में प्रवेश करते देखा गया था.
क्राइम ब्रांच की टीम का नेतृत्व पुलिस अधिकारी धर्मवीर बंसोड़ कर रहे हैं. टीम ने हॉस्टल कमरे की तलाशी लेकर पंचनामा भी किया है.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि CCTV फुटेज सार्वजनिक नहीं की गई है और अभी जांच टीम उसका परीक्षण कर रही है. वाकोडे की मौत उस परीक्षा के बाद हुई थी, जिसमें संस्थान के अनुसार उनके पास मोबाइल फोन मिलने की बात सामने आई थी. मौत और परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बीच कारणात्मक संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
