मुंबई स्थित IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है. पुलिस के अनुसार, साहिल ने परीक्षा में मोबाइल फोन से नकल करने के आरोप के बाद लिखित माफी मांगी थी और एक और मौका देने का अनुरोध किया था. पुलिस का कहना है कि उसने पर्याप्त तैयारी नहीं होने की बात भी स्वीकार की थी.

22 वर्षीय साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था. 18 सितंबर की शाम वह हॉस्टल के कमरे में मृत मिला था. इससे कुछ घंटे पहले वह मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से नकल करते हुए पकड़ा गया था.

CCTV फुटेज में क्या दिखा

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 18 सितंबर को दोपहर 12:30 से 12:45 बजे के बीच की परीक्षा हॉल की 54 सेकेंड की CCTV फुटेज में साहिल बार-बार नीचे झुककर कुछ देखता नजर आता है. फुटेज में प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला उसके पास आते और उससे बात करते दिखते हैं. इसके बाद साहिल अपना मोबाइल फोन और उत्तर पुस्तिका उन्हें सौंपकर परीक्षा हॉल से बाहर चला जाता है.

पुलिस के अनुसार, साहिल करीब 1:25 बजे हॉस्टल के कमरे में पहुंचा और इसके बाद बाहर नहीं निकला. जांच एजेंसी परीक्षा हॉल, कैंपस और हॉस्टल की CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है.

परिवार के आरोप और संस्थान की जांच

साहिल के माता-पिता ने प्रोफेसर दुल्ला पर उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं. पिता रवींद्र की शिकायत पर पवई पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी बनाया गया है. हालांकि, प्रोफेसर दुल्ला ने पुलिस को दिए बयान में इन आरोपों से इनकार किया है.

क्राइम ब्रांच ने IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदार और प्रोफेसर दुल्ला समेत 40 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं. IIT बॉम्बे ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति बनाई है. इसकी अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन करेंगे. समिति साहिल की मौत से पहले की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट देगी.

संस्थान ने 19 सितंबर को कहा था कि साहिल मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया था और प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड करने की कोशिश कर रहा था. 21 सितंबर को IIT बॉम्बे ने यह बयान वापस लेते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले ऐसा कहना उचित नहीं था.

घटना के बाद छात्रों ने तीन दिन प्रदर्शन किया और 18 मांगों का चार्टर सौंपा. इनमें स्वतंत्र जांच, मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और संस्थागत फैसलों में छात्रों की भागीदारी जैसी मांगें शामिल थीं. 20 सितंबर की बैठक के बाद निदेशक ने चार्टर पर हस्ताक्षर किए, हालांकि संस्थान ने कहा कि कुछ मांगों पर नियमों के अनुसार आगे प्रक्रिया होगी.