IIT बॉम्बे के द्वितीय वर्ष के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में जांच के दौरान उनके लिखित बयान से जुड़ी जानकारी सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, परीक्षा में कथित तौर पर नकल करते पकड़े जाने के बाद साहिल ने संस्थान को दिए बयान में अपनी गलती स्वीकार की थी और माफी मांगी थी. उन्होंने एक और मौका देने की अपील भी की थी.
पुलिस के मुताबिक, साहिल ने अपने बयान में कहा था कि वह परीक्षा की अच्छी तैयारी नहीं कर पाए थे और उन्हें आशंका थी कि उनका पेपर अच्छा नहीं जाएगा. जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, परीक्षा के तुरंत बाद उन्होंने एक महिला मित्र से भी बातचीत की थी. इस दौरान कथित तौर पर उन्होंने थर्मोडायनेमिक्स का पेपर खराब होने और तैयारी को लेकर चिंता जताई थी.
संस्थान की अनुशासन प्रक्रिया
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, IIT बॉम्बे की शैक्षणिक अनुशासन प्रक्रिया में परीक्षा में नकल के आरोप का सामना कर रहे छात्र को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है. छात्र को संबंधित रिपोर्ट की प्रति दिए जाने के बाद लिखित जवाब देने के लिए दो दिन का समय मिलता है. साहिल ने इसी प्रक्रिया के तहत अपने जवाब में भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भरोसा जताया था.
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें 12 छात्र भी शामिल हैं. IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे का बयान भी दर्ज किया गया है.
प्रोफेसर सूर्यनारायण डुला पर साहिल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, पुलिस को दिए बयान में प्रोफेसर ने उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह मामला 18 सितंबर को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान फोन इस्तेमाल करने के आरोपों के कुछ घंटे बाद साहिल की मौत के बाद सामने आया था. घटना के बाद छात्रों ने संस्थान के निदेशक के सामने कई बदलावों की मांग रखी थी.
