IIT बॉम्बे में बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों और संस्थान प्रशासन के बीच रविवार को करीब तीन घंटे बैठक हुई. बैठक के बाद डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों की 18 मांगों वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन मांगों में साहिल की मौत की स्वतंत्र जांच, संस्थान की जवाबदेही और छात्र कल्याण व्यवस्था में बदलाव शामिल हैं.

छात्रों ने जांच के लिए समिति बनाने, जांच प्रक्रिया में छात्रों को शामिल करने और रिपोर्ट तय समयसीमा में सार्वजनिक करने की मांग की है. दस्तावेज में मांगों पर अमल की स्थिति की हर सप्ताह जानकारी देने की बात भी कही गई है. छात्रों का कहना है कि अगर मांगें एक महीने के भीतर पूरी नहीं होतीं, तो डायरेक्टर, डीन AP और डीन SA को इस्तीफा देना चाहिए.

आरोपी प्रोफेसर पर कार्रवाई की मांग

18 मांगों में प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला पर कार्रवाई की मांग भी शामिल है. संस्थान के अनुसार, 18 सितंबर को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान साहिल को मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. IIT बॉम्बे का कहना है कि साहिल ने प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड कर जवाब लेने की कोशिश की थी. संस्थान के मुताबिक, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी और इंस्ट्रक्टर तथा विभागाध्यक्ष ने उससे बातचीत कर काउंसलिंग की थी.

इसके बाद साहिल हॉस्टल लौट गया, जहां उसकी मौत हो गई. मौत के कारणों और उससे जुड़े आरोपों की जांच जारी है. साहिल के माता-पिता ने प्रोफेसर दूल्ला समेत कई लोगों पर संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं. पिता रविंद्र वाकोडे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है.

IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर दूल्ला का समर्थन किया है. फोरम के अनुसार, उन्होंने परीक्षा नियमों के तहत मोबाइल फोन इस्तेमाल की सूचना संस्थान को दी थी. यह पक्ष और परिवार की ओर से लगाए गए आरोप जांच का विषय हैं.

छात्रों ने संस्थान से सार्वजनिक माफी और डायरेक्टर, डीन SA, डीन AP तथा विभागाध्यक्ष के साथ ओपन हाउस की मांग भी की है. साथ ही, इस साल IIT बॉम्बे में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग रखी गई है. प्रदर्शन के बीच मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गईं.