IIT दिल्ली ने छात्रों पर अकादमिक और मानसिक दबाव कम करने के लिए शिक्षा, काउंसलिंग, मेंटरशिप और शिकायत निवारण व्यवस्था में कई बदलाव किए हैं. इनमें सबसे प्रमुख फैसला B.Tech डिग्री के लिए न्यूनतम CGPA की अनिवार्यता खत्म करना है. यह बदलाव 2024-25 के शैक्षणिक सत्र से लागू किया गया है.

संस्थान के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य छात्रों को केवल न्यूनतम CGPA हासिल करने के दबाव से राहत देना है. इसके अलावा, 2025 में लागू किए गए नए पाठ्यक्रम के तहत प्रथम सेमेस्टर का क्रेडिट लोड भी कम किया गया है.

कक्षाओं और परीक्षाओं में बदलाव

IIT दिल्ली ने प्रथम वर्ष की विभागीय कक्षाओं में छात्रों की संख्या 30 से 60 के बीच रखने की व्यवस्था की है. छोटे समूहों में पढ़ाई से शिक्षकों को छात्रों पर अधिक व्यक्तिगत ध्यान देने में मदद मिलने की उम्मीद है. संस्थान ने शनिवार और रविवार को होने वाली परीक्षाओं और टेस्ट की संख्या कम करने की दिशा में भी कदम उठाए हैं.

नए पाठ्यक्रम में लाइफ-स्किल से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं. पढ़ाई में पीछे रह रहे छात्रों के लिए 2023 से चल रहे ‘अकेडमिक प्रोग्रेस ग्रुप’ का विस्तार किया गया है. इसके तहत शाम के समय अतिरिक्त ट्यूशन और बैकलॉग पूरा करने में सहायता दी जाती है.

24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य सहायता

मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए IIT दिल्ली ने AIIMS और VIMHANS के विशेषज्ञों को अपने नेटवर्क में शामिल किया है. छात्रों को 24x7 काउंसलिंग और मनोचिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. यदि कोई छात्र कैंपस के बाहर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता या उपचार लेता है, तो उसका पूरा खर्च संस्थान वहन करेगा.

आपात स्थितियों से निपटने के लिए इमरजेंसी रिस्पांस प्रोटोकॉल और अकादमिक यूनिट वेलनेस कमेटियां भी बनाई गई हैं. नए छात्रों की मदद के लिए शुरू किया गया UG बडी प्रोग्राम 2025 से पोस्टग्रेजुएट और अंतरराष्ट्रीय छात्रों तक बढ़ाया गया है.

भेदभाव के खिलाफ शिकायत व्यवस्था

संस्थान ने जाति, लिंग, भाषा और क्षेत्रीयता के आधार पर भेदभाव के खिलाफ दिशानिर्देश जारी किए हैं. छात्र सेंट्रलाइज्ड ERP पोर्टल पर गोपनीय तरीके से शिकायत दर्ज करा सकते हैं और रेफरेंस नंबर के जरिए उसकी स्थिति देख सकते हैं.

IIT दिल्ली के Office of Diversity and Inclusion के माध्यम से दिव्यांग छात्रों के लिए सुविधाएं और भेदभाव-विरोधी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. संस्थान के NRCVEE के तहत योग और मेडिटेशन को 2001 से वेलनेस गतिविधियों का हिस्सा बताया गया है.