राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत कुमार डोभाल ने IIT रुड़की के दीक्षांत समारोह में अपने करियर के करीब 50 साल पुराने एक मिशन का अनुभव साझा किया. डोभाल के मुताबिक, उस अभियान के दौरान उनकी टीम कई दिनों तक वापस नहीं लौटी और बाद में पता चला कि वह चीनी सेना की हिरासत में पहुंच गई थी.

डोभाल ने बताया कि उस समय वह युवा IPS अधिकारी थे और सिक्किम में इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. सीमा क्षेत्र में चीनी सेना की गतिविधियों पर नजर रखना भी उनके काम का हिस्सा था. एक मिशन के लिए टीम को भेजा गया था और उसके कुछ दिनों में लौटने की उम्मीद थी. पांच और फिर करीब 10 दिन बीत गए, लेकिन टीम के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. करीब 15 दिन बाद मुख्यालय से उन्हें बताया गया कि टीम चीन की हिरासत में है.

उनके अनुसार, पूछताछ के बाद टीम को छोड़ दिया गया, लेकिन लौटे सदस्य मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान थे. मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मुख्यालय से मिले स्केच और नक्शों में खामियां थीं. इसी वजह से टीम गलत दिशा में चली गई और चीनी सेना के कब्जे में पहुंच गई. डोभाल ने कहा कि उस समय उन्हें लगा था कि शायद उनका करियर खत्म हो जाएगा.

शेरपा की सीख को जीवन से जोड़ा

डोभाल ने बताया कि उनके साथ काम करने वाले एक बुजुर्ग तिब्बती शेरपा ने उनकी परेशानी का कारण पूछा. जब उन्होंने जांच और करियर को लेकर चिंता बताई, तो शेरपा ने मैप रीडिंग को जीवन से जोड़ते हुए तीन बातें स्पष्ट रखने की सीख दी—आप कहां हैं, आपको कहां जाना है और वहां पहुंचने का रास्ता क्या है. डोभाल ने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य और सही दिशा तय करना जीवन में बेहद जरूरी है.

NSA ने कहा कि आज के युवा पिछली करीब 1,000 वर्षों की तुलना में सबसे अधिक अवसरों वाली पीढ़ी का हिस्सा हैं. उन्होंने तकनीक, इंजीनियरिंग, इनोवेशन और नए प्रयोगों को देश की प्रगति का प्रमुख आधार बताया. उनके मुताबिक, IIT से निकलने वाले विद्यार्थी इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

डोभाल ने IIT रुड़की की विरासत का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि संस्थान की शुरुआत करीब 179 साल पहले थॉमसन कॉलेज के रूप में हुई थी. 1949 में यह देश का पहला इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय बना और 2001 में IIT के रूप में स्थापित हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. एएन खोसला, प्रोफेसर जय कृष्ण और अन्य प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों की विरासत का उत्तराधिकारी बताया. उनके अनुसार, संस्थान से 10 से अधिक पद्म पुरस्कार विजेता जुड़े रहे हैं.

2,701 विद्यार्थियों को मिलनी हैं डिग्रियां

दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में कुल 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जानी हैं. पहले चरण में 1,277 विद्यार्थियों को डिग्री दी गई. मुख्य अतिथि के रूप में डोभाल ने संस्थान स्तर के मेडल और पुरस्कार भी प्रदान किए. शैक्षणिक उपलब्धि, उत्कृष्ट प्रदर्शन, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.

विभागीय पुरस्कारों में Integrated M.Tech Geological Technology की साक्षी बंसल को डॉ. कुश टंडन कैश अवॉर्ड और BSMS Chemical Sciences के हर्ष श्रीवास्तव को प्रो. एसएन टंडन कैश अवॉर्ड दिया गया. समारोह में CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे और IIT रुड़की के निदेशक केके पंत मौजूद रहे. साल्वे ने कहा कि दुनिया भारत में विकसित हो रही नई तकनीक और विचारों को उत्सुकता से देख रही है.