उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में 20 वर्षीय छात्र आयुष राजोरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. आयुष उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले थे और IIT रुड़की के गणित एवं कंप्यूटिंग विभाग में BS-MS कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष के छात्र थे.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात आयुष का शव संस्थान के गोविंद भवन हॉस्टल स्थित कमरे में मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद संस्थान के सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. कमरे से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी वजह
मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मौत की वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या की आशंका के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है. मौत का वास्तविक कारण पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
घटना की जानकारी आयुष के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.
IIT रुड़की ने जताया दुख
IIT रुड़की की मीडिया सेल प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव ने संस्थान की ओर से जारी बयान में आयुष के निधन पर दुख जताया. संस्थान ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
संस्थान ने कैंपस समुदाय के प्रभावित सदस्यों को भी जरूरी सहयोग देने की बात कही है. साथ ही, लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने और घटना को लेकर अटकलें या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई है.
