भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार, 27 नवंबर को उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भी घने कोहरे की संभावना है. IMD की चेतावनी के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक इसका असर रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने 26 से 28 नवंबर के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीतलहर की संभावना भी जताई है. इसके अलावा केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली के सफदरजंग केंद्र के स्थानीय पूर्वानुमान में 27 नवंबर को सुबह हल्के कोहरे और करीब 9 से 26 डिग्री सेल्सियस तापमान का अनुमान है.
