मॉनसून की विदाई का समय नजदीक आने के बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 सितंबर को पहाड़ी राज्यों से लेकर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

हिमाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी बारिश तथा गरज-चमक वाली गतिविधियां हो सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत का मौसम

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्सों में 29 सितंबर को बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 30 सितंबर तक बनी रह सकती है. कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट और सुबह-रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. गंगा समेत कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है.

दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में 29 सितंबर को कई जगह बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है. हालांकि 30 सितंबर से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क होने की संभावना है. उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम

बिहार में 29 और 30 सितंबर को बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है. असम और मेघालय में 29-30 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.

महाराष्ट्र के मध्य हिस्सों और मराठवाड़ा में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मध्य महाराष्ट्र में हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहने की संभावना है.