दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के बीच देश के कई हिस्सों में मंगलवार को मौसम बदलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुछ स्थानों पर आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पिछले कुछ दिनों से सूखे मौसम के बाद दिल्ली-NCR में यह बदलाव देखने को मिल सकता है.
उत्तर और मध्य भारत में आंधी-गरज की संभावना
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
पूर्वी भारत में बिहार और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ सक्रिय है. इन मौसमी प्रणालियों के कारण पूर्वी और मध्य भारत में आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ गरज-चमक संभव है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान
IMD ने केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. केरल और माहे में कई इलाकों में बारिश हो सकती है.
5 अक्टूबर को मॉनसून की वापसी की रेखा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए पश्चिमी तट की ओर बढ़ रही थी.
