मौसम विभाग (IMD) ने 9 अक्टूबर को देश के 15 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. अलर्ट वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और ओडिशा शामिल हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत का मौसम
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने, बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चलने की संभावना है. दिल्ली में हवा की गति करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे, अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 9 से 14 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है. गाजियाबाद, मेरठ, मिर्जापुर, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, सहारनपुर, बस्ती और रायबरेली समेत कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है.
बिहार के मधुबनी, दरभंगा, गया, जहानाबाद, रोहतास, सहरसा और बक्सर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. यहां हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पहाड़ी और मध्य भारतीय राज्यों में चेतावनी
उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है. हरिद्वार, ऋषिकेश और चमोली में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सोलन में भी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा बताया गया है.
राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, धौलपुर, भरतपुर और बूंदी में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश के विदिशा, सीधी, दमोह, सागर, इंदौर, उज्जैन, शहडोल और छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अक्टूबर को बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है. झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल में 9-10 अक्टूबर, जबकि ओडिशा में 14 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका है.
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी जारी है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि बारिश पूरी तरह समाप्त हो गई है. स्थानीय मौसम प्रणालियों, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
