देश में वायु प्रदूषण कम करने के लिए 2019 से अब तक ₹13 हजार करोड़ से ज्यादा जारी किए गए हैं. इंडिया एयर पॉल्यूशन 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, खर्च की गई राशि का 68% हिस्सा सड़कों की धूल हटाने पर लगाया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में प्रदूषित हवा से जुड़ी 20 लाख मौतें दर्ज की गईं. यह आंकड़ा 2000 की तुलना में 43% अधिक है. रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर भारत की हवा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के अनुरूप साफ हो जाए, तो भारतीयों की औसत जीवन प्रत्याशा 3.5 साल बढ़ सकती है.

PM2.5 स्तर WHO सीमा से दस गुना अधिक

रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में भारत में PM2.5 का औसत स्तर 48.9 रहा. यह WHO की तय सीमा से दस गुना से ज्यादा है. इसी अवधि में 143 देशों के बीच भारत दुनिया का छठा सबसे प्रदूषित देश रहा.

वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 2025 में देशभर में 1,600 स्टेशन थे. इनमें 565 लगातार और 1,035 मैनुअल निगरानी वाले स्टेशन शामिल थे. इसके बावजूद राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत आने वाले 130 शहरों में से 28 में लगातार प्रदूषण मापने वाला एक भी स्टेशन नहीं था.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 40 शहरों में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान से जुड़ी जांच पूरी नहीं हुई.

190 शहरों में PM10 मानक से ऊपर

2025 में देश के 229 शहरों में से 190 में PM10 का स्तर निर्धारित मानक से अधिक रहा. गंगा के मैदानी इलाकों के 61 शहरों में से 60 शहर प्रदूषित पाए गए. दिल्ली-एनसीआर के सभी 14 शहरों में भी PM10 का स्तर सीमा से ऊपर दर्ज किया गया.